नड्डा ने कहा कि महात्मा गांधी ने 1947 में बोला था कि जिनका उत्पीड़न पाकिस्तान में हो रहा है, उनको भारत लाना चाहिए। जवाहर लाल नेहरू ने भी ऐसी ही बात कही और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी ऐसी बात कही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शरणार्थियों पर सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की।
नयी दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी पर संशोधित नागरिकता कानून पर झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि इन दलों ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की जबकि हमने (भाजपा) जो कहा, उसे पूरा किया। दिल्ली के पांडव नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी संशोधित नागरिकता कानून पर झूठ बोल रही हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं। सीएए नागरिकता देने का कानून है, नागरिकता लेने का नहीं।’’ उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी कहती कुछ है और उसके ठीक विपरीत काम करती है। भाजपा लोगों से जो कहती है, वह करती है।